Saturday, November 15, 2008
Wednesday, November 12, 2008
अच्छी लगी
अच्छी लगी
हर सुबह अच्छी लगी हर शाम भी अच्छी लगी;
आप से परिचय हुआ तो ज़िन्दगी अच्छी लगी।
संग पाकर आपका लगने लगा मौसम भला,
चाँदनी तो चाँदनी अब धूप भी अच्छी लगी।
आप आकार बस गए जबसे हमारे गाँव में,
हर मोहल्ला हर तिराहा हर गली अच्छी लगी।
एक अरसे बाद रक्खा था जलाकर इक दिया,
आप आए तो दिए की रोशनी अच्छी लगी।
रूप है पर रूप का अभिमान किंचित भी नही
सच कहें तो आपकी यह सादगी अच्छी लगी।
आँख काज़ल भाल बिंदी हाथ मेहदी हो न हो।
आपकी सूरत बिना श्रंगार भी अच्छी लगी।
मंच पर पढ़ते समय जब दाद पाई आपकी,
यार 'भारद्वाज' अपनी शायरी अच्छी लगी।
चंद्रभान भारद्वाज.
Saturday, November 8, 2008
नाज़ है तो है
नाज़ है तो है;
हमारे प्यार पर हमको अगर कुछ नाज़ है तो है;
हमारी भी निगाहों में कहीं मुमताज़ है तो है।
दिया बनकर जले दिन-रात उसकी मूर्ति के आगे,
ये अपने सूफियाना प्यार का अंदाज़ है तो है।
उमर इक खूबसूरत मोड़ पर दिल छोड़ आयी थी,
धड़कनों में उसी की गूंजती आवाज़ है तो है।
हमारा प्यार उठती हाट का सौदा नहीं कोई,
बंधे अनुबंध में दुनिया अगर नाराज़ है तो है।
खुली है ज़िन्दगी अपनी कहीं परदा नहीं कोई,
अँगूठी में जड़ा उसका दिया पुखराज है तो है।
हमारे प्यार का आधार बालू का घरोंदा था,
हमारी आँख में वह आज तक भी ताज है तो है।
अभी तक पढ़ रहे हैं बस रदीफों काफिओं को हम ,
ग़ज़ल में पर हमारा नाम 'भारद्वाज' है तो है।
चंद्रभान भारद्वाज
Sunday, October 5, 2008
दांव पर हैं.
दांव पर हैं
चेतनाएं दांव पर हैं;
भावनाएं दांव पर हैं
पंगु है साहित्य जग का,
सर्जनाएं दांव पर हैं
मौन मन्दिर और मस्जिद,
प्रार्थनाएं दांव पर हैं
वक्ष पत्थर के हुए सब,
याचनाएं दांव पर हैं
जड़ हुईं संवेदनाएं,
वेदनाएं दांव पर हैं
आँकडों में फंस गईं सब,
योजनायें दांव पर हैं
ध्यान 'भारद्वाज' कलुषित,
साधनाएं दांव पर हैं
चंद्रभान भारद्वाज.
ख़ुद दिशाएं खोजिए
ख़ुद दिशाएं खोजिए
जिंदगी में बस विजय की लालसाएं खोजिये;
हार में भी जीत की संभावनाएं खोजिए
भावनाओं के दिए में तेल शुचिता का भरें;
चेतना की लौ लगन की वर्तिकाएँ खोजिये
आसरा कोई उधारी के उजालों का नहीं;
ख़ुद बनो दीपक स्वयं के ख़ुद दिशाएं खोजिये
अब अँधेरी रात बस दो चार पल की बात है;
खोलिए खिड़की सुबह की लालिमायें खोजिये
चन्द्रभान भारद्वाज
Saturday, October 4, 2008
बोलता है
जिधर बोलता
समय का सितारा जिधर बोलता है;
उसी ओर सारा शहर बोलता है
समझने लगा जो समय की नजाकत,
शहर की हवा देख कर बोलता है
गवाही वहाँ कत्ल की कौन देगा,
जहाँ चाकुओं का असर बोलता है
किया नाम उसके गगन आज सारा,
परिंदे के पर काटकर बोलता है
वो जिन्दा कभी बोलता ही नहीं था,
मरा तो कफ़न फाड़ कर बोलता है
न बचपन ही जाना न जानी जवानी,
गुजरती उमर का सफर बोलता है
लगा हर कथन सच 'भरद्वाज उसका,
निरा झूठ भी इस कदर बोलता है
Friday, October 3, 2008
किसका है
किसका है
सजा किसको है किया किसका है;
लकीरों में जो लिखा किसका है
जड़ें थीं मेरी तना था उसका ,
फलों पर फिर हक़ बता किसका है
ग़ज़ल 'ग़ालिब' की गला 'बेगम' का,
सभा में बांधा समां किसका है
नज़र में यह थी ह्रदय में वह थी,
तपन में साया सदा किसका है
धरा है अपनी गगन है उसका,
छितिज अब सारा भला किसका है
लिफाफे में ख़त रखा है कोई,
लिखा किसको है पता किसका है
नया स्वेटर जो पहन रक्खा है,
बता ' भारद्वाज' बुना किसका है
चंद्रभान भारद्वाज
Subscribe to:
Posts (Atom)