Sunday, July 17, 2011
मान बैठे हैं
खरीदी हर कलम मसि और कागज मान बैठे हैं
खड़े जो कठघरे में खुद को ही जज मान बैठे हैं
चमक जाते जो जुगनू की तरह जब तब अँधेरे में
स्वयं को अब क्षितिज पर उगता सूरज मान बैठे हैं
उन्हीं हाथों में अक्सर सौंप बैठे क्षीरसागर को
जो कौओं को भी अब हंसों का वंशज मान बैठे हैं
किसी कुर्सी के आगे टेक आते हैं कभी मत्था
किसी कुर्सी के फेरों को ही वो हज मान बैठे हैं
धँसे हैं पाँव से लेकर गले तक पूरे कीचड़ में
मगर कीचड़ में खुद को खिलता पंकज मान बैठे हैं
किसी की चाल चलते हैं किसी से मात देते हैं
वो मोहरे साधने में खुद को दिग्गज मान बैठे हैं
लगाते आ रहे हैं सिर्फ डुबकी गंदे नाले में
उसे ही आज 'भारद्वाज' सतलज मान बैठे हैं
चंद्रभान भारद्वाज
Monday, June 6, 2011
बना दिया
हालात ने तकदीर का मारा बना दिया
पर शायरी ने आँख का तारा बना दिया
कुछ चाहतों ने तो उमर को पर लगा दिए
कुछ हसरतों ने एक बनजारा बना दिया
जलते दिये अक्सर हवाओं ने बुझा दिए
चिनगारियों को यार अंगारा बना दिया
जब तक नदी बनकर रहा मीठा बना रहा
सागर बना तो पानी भी खारा बना दिया
मालूम है उसको किसे किस रूप में रखे
हीरा कोई शीशा कोई पारा बना दिया
यह ज़िन्दगी क्या क्या बनाएगी अभी हमें
अच्छा भला इंसान बेचारा बना दिया
कुछ देर पहले तक जो 'भारद्वाज' आम था
उसकी निगाह ने उसे न्यारा बना दिया
चंद्रभान भारद्वाज
Tuesday, May 24, 2011
Sunday, May 22, 2011
जब कहीं दिलबर नहीं होता
इक ज़िन्दगी में जब कहीं दिलबर नहीं होता
होते दरो-दीवार तो पर घर नहीं होता
जिसकी नसों में आग का दरिया न बहता हो
जिसकी नसों में आग का दरिया न बहता हो
काबिल भले हो वह मगर शायर नहीं होता
लहरें न उठतीं हों नहीं तूफ़ान ही आते
लहरें न उठतीं हों नहीं तूफ़ान ही आते
सूखा हुआ तालाब इक सागर नहीं होता
जो नब्ज पहचाने न समझे धड़कनें दिल की
जो नब्ज पहचाने न समझे धड़कनें दिल की
होता है सौदागर वो चारागर नहीं होता
उमड़ीं घटायें जब कभी बिन प्यार के बरसीं
उमड़ीं घटायें जब कभी बिन प्यार के बरसीं
तन भीग जाता है मगर मन तर नहीं होता
यादों की खुशबू से अगर दालान भर जाते
यादों की खुशबू से अगर दालान भर जाते
गुलज़ार सपनों का महल खँडहर नहीं होता
यदि प्यार के बीजों में अंकुर फूटते पहले
यदि प्यार के बीजों में अंकुर फूटते पहले
तो खेत 'भारद्वाज' का बंजर नहीं होता
चंद्रभान भारद्वाज
चंद्रभान भारद्वाज
Wednesday, May 18, 2011
दुनिया है थोथे रिश्तों की
भेंट लिफाफों गुलदस्तों की
दुनिया है थोथे रिश्तों की
तोलें सिर्फ तराजू लेकर
यारी भी पुश्तों पुश्तों की
सत्ता चलती है बस्ती में
चोर उचक्कों अलमस्तों की
भोग रहा कन्धों पर पीड़ा
बचपन बोझीले बस्तों की
लूटा ऐ टी ऍम शहर में
खोली पोल पुलिस गश्तों की
बरदी बत्ती बेबस लगतीं
बदहालत है चौरस्तों की
'भारद्वाज' हुआ है दुबला
चिंता में मासिक किश्तों की
चंद्रभान भरद्वाज
Monday, April 18, 2011
अच्छा लगा
मस्तियों शैतानियों का दौर ही अच्छा लगा
ज़िन्दगी में आप थे तो और ही अच्छा लगा
आज लगते हैं हमें रसहीन छप्पन भोग भी
आप के हाथों का सूखा कौर ही अच्छा लगा
अब ख़ुशी देता नहीं सिर पर मुकुट रतनों जड़ा
आप से पहना खजूरी मौर ही अच्छा लगा
राह में चलते समय पद चिन्ह देखे आपके
तो हमें सुनसान सा वह ठौर ही अच्छा लगा
आप बिन भाती नहीं फलती हुई अमराइयाँ
आप थे तो ठूँठ इक बिन बौर ही अच्छा लगा
जब कभी तनहाइयों में याद आती आपकी
तब पलक पर आँसुओं का दौर ही अच्छा लगा
यार 'भारद्वाज' अब न्यूयार्क पेरिस कुछ नहीं
आप के सँग तो हमें इंदौर ही अच्छा लगा
चंद्रभान भारद्वाज
Friday, March 18, 2011
वो राख में सुलगती इक आग ढूँढ़ते हैं
पानी में दूध जैसे ही झाग ढूँढ़ते हैं
वो राख में सुलगती इक आग ढूँढ़ते हैं
फूलों की क्यारियाँ तो रख़ दीं उजाड़ कर सब
काँटों की झाड़ियों में वो पराग ढूँढ़ते हैं
खेलों में खोया बचपन रंगरेलियों में यौवन
अब आखिरी क्षणों में वैराग ढूँढ़ते हैं
आदी हैं हाथ जिसके बन्दूक बम छुरों के
पत्थर के उस ह्रदय में अनुराग ढूँढ़ते हैं
उम्मीद क्या करें अब इंसानियत की उनसे
जो ह़र लहू के कतरे में फाग ढूँढ़ते हैं
रक्खे थे जिंदगी भर माँ-बाप आश्रमों में
करने को श्राद्ध उनका अब काग ढूँढ़ते हैं
पूरी रँगी हुई है कालिख से खुद की चादर
औरों की साफ़ चादर में दाग ढूँढ़ते हैं
पाला हुआ ह्रदय में भ्रम और संशयों को
अब सिर्फ आस्तीनों में नाग ढूँढ़ते हैं
ले नाम रोशनी का करता रहा छलावा
जिसने ये घर जलाया वो चिराग ढूँढ़ते हैं
मुश्किल हुआ है जीना और आबरू बचाना
पग पग पे अपना आँचल और पाग ढूँढ़ते हैं
हैं छंद गीत ग़ज़लों से 'भारद्वाज' रीते
वे गद्य की कड़ी में ही राग ढूँढ़ते हैं
चंद्रभान भारद्वाज
Subscribe to:
Posts (Atom)