Sunday, September 9, 2018
Saturday, September 1, 2018
तारों से पूछना
रातों की सब कहानियाँ तारों से पूछना
पीड़ाएँ इंतजार की द्वारों से पूछना
तप तप के प्रेम-अग्नि में क्यों राख हो गए
तपने का अर्थ प्रेम के मारों से पूछना
सहती रही है मार इक इक तंतु के लिए
धुनती रुई का दर्द पिंजियारों से पूछना
दाना नहीं मिला कभी पानी नहीं मिला
यायावरी का हाल बनजारों से पूछना
जब नींव की हर ईंट को खुद तोड़ते रहे
गिरने का क्यों सवाल दीवारों से पूछना
हर राग रागहीन है लयहीन रागिनी
सुरहीन क्यों अलाप फनकारों से पूछना
घर में डरे हुए डगर में भी डरे हुए
डर का सुराग आग तलवारों से पूछना
अब देश प्रांत गाँव घर सारे बँटे हुए
बंटने का राज भाषणों नारों से पूछना
हम 'भारद्वाज' कल थे जो हैं आज भी वही
बदली नज़र उन्होंने क्यों यारों से पूछना
चंद्रभान भारद्वाज
Friday, August 24, 2018
मंजिल तलाशना
राहें तलाशना नई मंजिल तलाशना
दुख दर्द संग बाँट ले वह दिल तलाशना
इंसान शून्य कर दिया है आज वक्त ने
फिर दशगुना बने कोई हासिल तलाशना
चेहरे को सिर्फ देख कर संभव नहीं रहा
आदिल तलाशना कोई काबिल तलाशना
हर डाल पर जमी है कौओं की बिरादरी
है काँव काँव में कठिन कोकिल तलाशना
कोई सबूत ही नहीं छोड़ा है खून का
मुश्किल हुआ कटार या कातिल तलाशना
अब तक तो हर खुशी पे ही जैसे ग्रहण लगा
जीवन के शेष पल सभी झिलमिल तलाशना
जब भी अचानक ठंड के मौसम का हो असर
सेहत सुधारने को गुड़ और तिल तलाशना
तूफान ने बड़े किये हम पाल पोस कर
आदत हमारी है नहीं साहिल तलाशना
ग़ज़लों की सिर्फ बात भारद्वाज हो जहाँ
कोई किताब या कोई महफिल तलाशना
चंद्रभान भारद्वाज
Tuesday, August 14, 2018
जीने का मज़ा आने लगा
तन भी हरसाने लगा है मन भी हरसाने लगा
उसके आ जाने से जीने का मज़ा आने
जिस जगह पसरी हुई थीं हर तरफ खामोशियाँ
देख उसको घर का कोना कोना बतियाने लगा
एक पल भी एक युग जैसा लगा उसके बिना
संग उसके तो समय का ज्ञान बिसराने लगा
जब कभी उतरी है उसकी छवि हमारे ध्यान में
बंद आँखों में उजाला सा नज़र आने लगा
मिल गया जब खाद पानी उसके निर्मल प्यार का
प्राण का सूखा बगीचा सहसा हरयाने लगा
उसने जब से है चखाई बूटी अपने प्यार की
चढ़ गया उन्माद तन मन पर नशा छाने लगा
पा गए जीवन में परमानंद 'भारद्वाज़ 'हम
उसका जब आभास धीरे धीरे दुलराने लगा
चंद्रभान भारद्वाज
Saturday, August 11, 2018
दीवारें वहाँ ऊँची हुईं हैं
हमारे गाँव की गलियाँ भले पक्की हुईं हैं
मगर आँगन की दीवारें वहाँ ऊँची हुईं हैं
बँटे हैं लोग धर्मों जातियों की गोटियों में
लगा शतरंज की बस बाजियाँ पसरी हुईं हैं
वहाँ तक गैस बिजली नैट मोबाइल तो पहुचा
मगर अब दाल सब्जी रोटियाँ मँहगी हुईं हैं
नई पीढ़ी समझती ही नहीं है अपना रिश्ता
सभी के बीच रेखाऐं बहुत चौड़ी हुईं हैं
युवा नारी हो वृद्धा हो कि हो मासूम बच्ची
हुईं हैं या तो गुमसुम या डरी सहमी हुईं हैं
कभी आशीष देतीं थी जो सिर पर हाथ रख कर
सियासत ने वो चाची ताइयाँ बाँटी हुईं हैं
वो भारद्वाज निश्छलता वो भोलेपन की मूरत
सभी छवियाँ पुरानी आँख में धुँधली हुईं हैं
चंद्रभान भारद्वाज
Tuesday, April 17, 2018
प्रार्थनाएं शेष हैं
कामनाएं शेष हैं कुछ लालसाएं शेष है
अंत में जीवन के केवल प्रार्थनाएं शेष हैं
ऊर्जा सारी हुई है व्यय जगत जंजाल में
शब्द हैं अब मौन होठों पर व्यथाएं शेष हैं
मन का मृग तो अब तलक ऊँची कुलाँचें भर रहा
तन की गाडी खींचने को बस दवाएं शेष हैं
तेल प्राणों के दिये का चुक रहा है रात दिन
साँस की कुछ अधजली सी वर्तिकाएं शेष हैं
जो भी जीवन ने कमाया मृत्यु ने छीना सभी
कुछ प्रशंसाएं कि कुछ आलोचनाएं शेष हैं
हो गए हैं आजकल वे बंद कारागार में
कुर्सियों पर किंतु उनकी पादुकाएं शेष हैं
तोड़ डाली हैं भले ही पत्थरों की मूर्तयाँ
पर समय के वक्ष पर उनकी कथाएं शेष हैं
खींच कर जाता है लक्ष्मण नित्य रेखा द्वार पर
फिर भी सीता हरण की संभावनाएं शेष हैं
तम तो भारद्वाज चारों ओर गहराया हुआ
सूर्य पर खग्रास की कुछ यातनाएं शेष हैं
चंद्रभान भारद्वाज
672, साँई कृपा काॅलोनी
बाॅम्बे हास्पीटल के पास
इंदौर म प्र 452010
मो 9826025016
अपनी नागरी अच्छी लगी
मधुकरी अच्छी लगी यायावरी अच्छी लगी
बात बस सीधी सरल सच्ची खरी अच्छी लगी
स्वर्ण से मंडित सुसज्जित अप्सरा के सामने
गाॅव की मिट्टी से लथपथ सुंदरीअच्छी लगी
द्वार तक आया हुआ खारा समुंदर छोड़ कर
प्रेम से परिपूर्ण मधुरस गागरी अच्छी लगी
रूप में अभिमान हो तो कोई आकर्षण नहीं
प्रिय समर्पित पर सलोनी सांवरी अच्छी लगी
आँधियों में भी तने के साथ जो लिपटी रही
वह स्वकीया नायिका सी वल्लरी अच्छी लगी
फ्रीज की बासी मसालेदार सब्जी की जगह
खेत से लाई तरो ताजा हरी अच्छी लगी
बाहुबल धनबल कि छलबल से बिकीं सब कुर्सियां
पर तमाशा देखने हमको दरी अच्छी लगी
काफिया जांचे बहर परखी गजलियत देखली
शेरगोई में सहज कारीगरी अच्छी लगी
है कठिन इसके भरोसे उच्च वेतन उच्च पद
फिर भी 'भारद्वाज' अपनी नागरी अच्छी लगी
चंन्द्रभान भारद्वाज
Subscribe to:
Posts (Atom)