Friday, February 8, 2019
Friday, January 11, 2019
सुगम रस्ता नहीं मिलता
कभी मतला नहीं मिलता कभी मकता नहीं मिलता
ग़ज़लगोई में कोई भी सुगम रस्ता नहीं मिलता
खपाता जो उमर अपनी ग़ज़ल कहने में सुनने में
उसे इक मान का तमगा कि गुलदस्ता नहीं मिलता
कभी मरने पे उसकी शायरी की क़द्र होती है
जिसे जीवन में महफ़िल या कोई श्रोता नहीं मिलता
जहाँ परिवार में मिलती है शिक्षा संस्कारों की
किसी बच्चे के कंधे पर कोई बस्ता नहीं मिलता
मिलेगी गाँव में मक्के की रोटी साग सरसों का
वहाँ पीज़ा नहीं बर्गर नहीं पाश्ता नहीं मिलता
यहाँ खुद आदमी का खून तो मिलता है सस्ते में
मगर सामान उसकी भूख का सस्ता नहीं मिलता
सदा उत्पात कर देता खड़ा शैतान बस्ती में
अगर बाजार से उसको नियत हफ्ता नहीं मिलता
ठहाके मारकर हैवान तो फिरता है सडकों पर
किसी इंसान का चेहरा मगर हँसता नहीं मिलता
किसी को तो नज़र मिलते ही 'भारद्वाज 'मिल जाता
किसी को ज़िंदगी भर प्यार का रिश्ता नहीं मिलता
चंद्रभान भारद्वाज
Thursday, October 18, 2018
जगमग जो शहर लगता है
रात में बिजली से जगमग जो शहर लगता है
उस के चेहरों पे तनावों का असर लगता है
लोग सहमे हुए लगते हैं जहाँ पग पग पर
सीना ताने हुए शैतान निडर लगता है
वक्त ने ऐसा अविश्वास किया है पैदा
आप को खुद की भी परछाँई से डर लगता है
साँस लेना भी सुबह शाम हुआ है मुश्किल
बस धुआँ धूल का हर ओर कहर लगता है
लूट दुष्कर्म कि हत्याओं की घटनाओं से
रोज अखबार का हर पृष्ठ ही तर लगता है
वक़्त के संग यहाँ लोग बदलते रंगत
जो सुबह लगता इधर शाम उधर लगता है
शख्स जो रोज नया पहने मुखौटा फिरता
वो जिधर से भी गुजर जाए खबर लगता है
पथ्य बीमार को देते हैं समझ कर अमृत
वो पहुँचते ही शिराओं में जहर लगता है
बाद मुद्दत के भरद्वाज चढ़ा जब चौखट
द्वार अपना सा लगा अपना सा घर लगता है
चंद्रभान भारद्वाज
Tuesday, September 25, 2018
उस राह से गुजरना
जिस पर चला न कोई उस राह से गुजरना
आदर के साथ जीना साहस के साथ मरना
ऊँचाइयों पे चढ़ना आसान ज़िंदगी में
लेकिन बहुत कठिन है गहराई में उतरना
क्या आसमान देंगे तेरी उड़ान को वे
जिनका है काम उड़ते पंछी के पर कतरना
वे लोग क्या करेंगे तुरपन फटे हुए की
जिनकी रही है आदत दामन सदा कुतरना
मतलब नहीं विजय का हर दाँव जीत जाना
है अर्थ हर विजय का गिर गिर के फिर सँवरना
जो बाँध कर गले में पत्थर स्वयं ही डूबा
मुश्किल है उसका बच कर फिर से कहीं उबरना
जो 'भारद्वाज' लिक्खा है प्यार के रँगों से
निश्चित कहीं क्षितिज पर उस नाम का उभरना
चंद्रभान भारद्वाज
'
Sunday, September 9, 2018
प्रेम की कहानी
इतनी सी बस रही है इक प्रेम की कहानी
मटके से पार करते उफनी नदी का पानी
आती है बन के बाधा हर प्रेम की डगर में
खोई हुई अँगूठी भूली हुई निशानी
इस प्रेम-यज्ञ में जो प्राणों को होम करती
होती है या दिवानी या होती है शिवानी
यह प्रेम सत्य भी है शिव भी है सुंदरम भी
इस भाव का नहीं है जीवन में कोई सानी
आता है प्यार का जब मौसम बहार बनकर
होती हैं अंकुरित खुद सूखी जड़ें पुरानी
इक डोर में बँधे पर रहते अलग अलग हैं
आपस का हाल पूछें बस और की जबानी
हैं 'भरद्वाज़' इसमें अक्षर तो बस अढ़ाई
पर प्रेम को न समझे विद्वान् और ज्ञानी
चंद्रभान भारद्वाज
Saturday, September 1, 2018
तारों से पूछना
रातों की सब कहानियाँ तारों से पूछना
पीड़ाएँ इंतजार की द्वारों से पूछना
तप तप के प्रेम-अग्नि में क्यों राख हो गए
तपने का अर्थ प्रेम के मारों से पूछना
सहती रही है मार इक इक तंतु के लिए
धुनती रुई का दर्द पिंजियारों से पूछना
दाना नहीं मिला कभी पानी नहीं मिला
यायावरी का हाल बनजारों से पूछना
जब नींव की हर ईंट को खुद तोड़ते रहे
गिरने का क्यों सवाल दीवारों से पूछना
हर राग रागहीन है लयहीन रागिनी
सुरहीन क्यों अलाप फनकारों से पूछना
घर में डरे हुए डगर में भी डरे हुए
डर का सुराग आग तलवारों से पूछना
अब देश प्रांत गाँव घर सारे बँटे हुए
बंटने का राज भाषणों नारों से पूछना
हम 'भारद्वाज' कल थे जो हैं आज भी वही
बदली नज़र उन्होंने क्यों यारों से पूछना
चंद्रभान भारद्वाज
Friday, August 24, 2018
मंजिल तलाशना
राहें तलाशना नई मंजिल तलाशना
दुख दर्द संग बाँट ले वह दिल तलाशना
इंसान शून्य कर दिया है आज वक्त ने
फिर दशगुना बने कोई हासिल तलाशना
चेहरे को सिर्फ देख कर संभव नहीं रहा
आदिल तलाशना कोई काबिल तलाशना
हर डाल पर जमी है कौओं की बिरादरी
है काँव काँव में कठिन कोकिल तलाशना
कोई सबूत ही नहीं छोड़ा है खून का
मुश्किल हुआ कटार या कातिल तलाशना
अब तक तो हर खुशी पे ही जैसे ग्रहण लगा
जीवन के शेष पल सभी झिलमिल तलाशना
जब भी अचानक ठंड के मौसम का हो असर
सेहत सुधारने को गुड़ और तिल तलाशना
तूफान ने बड़े किये हम पाल पोस कर
आदत हमारी है नहीं साहिल तलाशना
ग़ज़लों की सिर्फ बात भारद्वाज हो जहाँ
कोई किताब या कोई महफिल तलाशना
चंद्रभान भारद्वाज
Subscribe to:
Posts (Atom)