Sunday, February 6, 2011

कोई नहीं दिखता

बबूलों के वनों में गुलमोहर कोई नहीं दिखता
डगर में छाँह दे ऐसा शजर कोई नहीं दिखता

भटकती ही रही है ज़िन्दगी इस दर से उस दर तक
जिसे चाहत रही अपनी वो दर कोई नहीं दिखता

चले थे सोच कर शायद बनेगा कारवाँ आगे
खड़े हैं बस अकेले हम बशर  कोई नहीं दिखता

रहा आवाज़ का धोखा कि धोखा है निगाहों का
जिधर आवाज़ आती है उधर कोई नहीं दिखता

दिया बनकर जली है उम्र सारी इक प्रतीक्षा में
चुकी बाती बुझा दीया मगर कोई नहीं दिखता

कहीं थे राह में रोड़े कहीं थी  पाँव में बेडी
मगर अपने इरादों पर असर कोई नहीं दिखता

यहाँ कुछ लोग 'भारद्वाज' लिखने में लगे गज़लें
गज़लगोई का पर उनमें हुनर कोई नहीं दिखता

चंद्रभान भारद्वाज

Tuesday, February 1, 2011

कौन देखता है

टूटे हुए मचानों को कौन देखता है
उजड़े पड़े मकानों को कौन देखता है

भर तो दिए  समय ने पर दर्द है अभी तक
घावों के उन निशानों को कौन देखता है

बारात जा चुकी है और उठ चुकी है डोली
अब सूने शामियानों को कौन देखता है

महफ़िल में सब निगाहें बस मंच पर टिकी हैं
नीचे के पायदानों को कौन देखता है

आते रहें उजाले मिलती रहे हवा भी
ऐसे उजालदानों को कौन देखता है

बनने को खीर पहले जो आग पर चढ़े थे
उन चावलों मखानों को कौन देखता है

गा गा के जिनको झेलीं थीं लाठियाँ और गोली
अब उन अमर तरानों को कौन देखता है

सब देखते दरीचे दालान और गुम्बद
पर नीव की चटानों को कौन देखता है

बलिदान हो गए हैं जो सरहदों की खातिर
उन वीरों उन जवानों को कौन देखता है

कन्धों से दूसरों के बस साधते निशाना
अब तीर या कमानों को कौन देखता है

पानी रुका है ऊपर नीचे है रेत केवल
नदियों के उन मुहानों को कौन देखता है

तुमको दिखाना होगा खुद वर्तमान अपना
गुज़रे हुए ज़मानों को कौन देखता है

डाली हुई सियासत की 'भारद्वाज' दिल में
नफ़रत की अब गठानों को कौन देखता है

चंद्रभान भारद्वाज

Saturday, January 8, 2011

बहुत होता है

थोड़ा सम्मान बहुत होता है
मान का पान बहुत होता है

मृत्यु के बाद भले हो मिट्टी
देह का दान बहुत होता है

भेंट का मोल न आँका जाता
मुट्ठी भर धान बहुत होता है

लोग पाते हैं सफलता थोड़ी
उसका अभिमान बहुत होता है

भेद दीवार परे लेने को
सिर्फ इक कान बहुत होता है

टालने कोई बड़ी दुर्घटना
थोड़ा सा ध्यान बहुत होता है

पढ़ के अखबार अदालत लेले
कोई संज्ञान बहुत होता है

प्यार का पाठ बहुत है मुश्किल 
इसमें इम्तिहान बहुत होता है

ज़िन्दगी मिलती है 'भारद्वाज' तनिक
साजो-सामान बहुत होता है

चंद्रभान भारद्वाज

Wednesday, November 10, 2010

पूरी उमर खपा दी इक घर तलाशने में

पग भर ज़मीन डग भर अंबर तलाशने में
पूरी उमर खपा दी इक घर तलाशने में

पल प्यार के गँवाए बस देखने में दरपन
श्रृंगार   के   गँवाए   जेवर  तलाशने   में

करते रहे हैं वादा वो ताज के लिए पर
अटके   हुए  हैं  संगेमरमर   तलाशने   में

चट्टान काट आई मैदान लाँघ आई
बालू हुई नदी अब सागर तलाशने में

तम से भरी डगर से तो  आगए निकलकर
भटके तेरी गली में तेरा दर तलाशने में

नीलाम  हो गया है अपना हरेक सपना
तेरी शान में  दमकते गौहर तलाशने में 

सब चूर चूर होते हैं ख्वाब लड़कियों के
होती है भूल कोई जब वर तलाशने में

करवट बदल बदल कर कटती है रात बाकी
जब नीद टूटती है बिस्तर तलाशने में

माया के जाल में अब वे भी फँसे हुए हैं
रहना था लीन जिनको ईश्वर तलाशने में

मंदिर बनाने वाले मस्जिद बनाने वाले
उलझे हुए हैं अबतक पत्थर तलाशने में

वह मिल नहीं सकेगा तुम्हें  'भारद्वाज' बाहर
पाओगे उसको अपने अंदर तलाशने में

चंद्रभान भारद्वाज

Sunday, October 31, 2010

खड़े रहकर क़तारों में भी अब बारी नहीं आती

खड़े रहकर क़तारों में भी अब बारी नहीं आती
हमें क्रम तोड़ बढ़ने की कलाकारी नहीं आती

गँवा कर उम्र सारी हम लुटा बैठे हैं तन मन धन
वो कहते हैं हमें रस्मे वफादारी नहीं आती

उतरती आत्मा पहले किसी किरदार के अंदर
अदा संवाद करने से अदाकारी नहीं आती 

कलम को डूबना पड़ता लहू में और आँसू में 
फ़क़त कुछ शब्द रचने से गज़लकारी नहीं आती

नहीं रखता है जो इंसान अपने पाँव धरती पर  
उसे  खाए बिना  ठोकर समझदारी नहीं आती 

पिरोते हैं सुई में प्रेम के भी रेशमी धागे 
न हों वे रेशमी धागे तो गुलकारी नहीं आती 

स्वयं बनता है मिट्टी एक माली मिलके मिट्टी में 
महज बीजों से 'भारद्वाज' फुलवारी नहीं आती 

चंद्रभान भारद्वाज

Friday, October 22, 2010

अकेलापन न देना

चाहे अवलंबन न देना
पर अकेलापन न देना

आग सा जलता रहेगा    
प्रिय बिना यौवन न देना

भीख माँगे मृत्यु से जो
वह विवश जीवन न देना

एक पत्थर के ह्रदय में
प्यार की धड़कन न देना

रूप को अपरूप कर दे
धुंध में दर्पण न देना

माँग में सिन्दूर के बिन
चूड़ियाँ कंगन न देना

नित्य 'भारद्वाज' बिलखे
माँ बिना बचपन न देना

चंद्रभान भारद्वाज

Tuesday, October 12, 2010

हर दिशा में इक सुलगती आग है मालिक

हर दिशा में इक सुलगती आग है मालिक
सभ्यता के चेहरे पर दाग है मालिक

वक़्त  अमृत की नदी को कर रहा  विषमय  
ह़र मुहाने पर विषैला नाग है मालिक

घर जलाने का किसे हम दोष दें बोलो
देहरी पर  सिर्फ एक चिराग है मालिक

हर नज़र ठहरी हुई है  बाज सी उस पर  
जिस वसीयत में हमारा भाग है मालिक

थपथपाकर पीठ चाकू भोंकते अक्सर
हम समझते थे बड़ा अनुराग है मालिक

रास्ते काँटों भरे चारों तरफ मिलते
जग बबूलों का महकता  बाग़ है मालिक

बस व्यवस्था की बनी मोहताज अब ऐसी
ज़िन्दगी का नाम भागमभाग  है मालिक

पोंछ देंगे लोग अपने हाथ की कालिख
आपकी चादर अगर बेदाग है मालिक

क्या पता किस वक़्त सिर से छीन ले कोई
शान से पहनी हुई जो  पाग है मालिक

चंद्रभान भारद्वाज